शहर के कई इलाकों में सोमवार को भी पानी की सप्लाई में कट लग सकता है। भारी बारिश के चलते पेयजल परियोजनाओं में गाद आने से रविवार दिन भर पंपिंग ठप रही। इससे शहर के कई इलाकों में पानी नहीं आएगा।
रविवार को भी कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं दी गई। सेंट्रल जोन में आने वाले रिज, मालरोड, लोअर बाजार, लिफ्ट, कृष्णानगर, बस स्टैंड और संजौली जोन के इंजनघर, संजौली बाजार आदि इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं हुई। गाद के चलते शहर को करीब 27 एमएलडी पानी ही मिला है जो सामान्य से करीब 18 एमएलडी कम रही। इससे रोजाना सप्लाई वाले सेंट्रल जोन और संजौली जोन में पानी नहीं दिया गया। निगम ने उन इलाकों में सप्लाई दी है, जहां तीसरे दिन पानी दिया जा रहा है। रविवार को दिन के समय भी गिरि और गुम्मा में ज्यादातर समय पंपिंग ठप रही। गाद बढ़ने से कई बार पंपिंग रोकनी भी पड़ी है। शाम के समय बिजली कट लगने से पंपिंग ठप रही। हालांकि, चैड़, कोटी बरांडी समेत छोटी परियोजनाओं से पंपिंग सुचारु है, लेकिन दो बड़ी परियोजनाओं से पानी की सप्लाई ठप रहने से शहरवासियों को आज होने वाली पानी की सप्लाई बाधित रह सकती है।
आज इन इलाकों में आएगा पानी
नगर निगम सोमवार को सेंट्रल जोन के तहत आने वाले रिज, मालरोड, लोअर बाजार, लिफ्ट, कृष्णानगर, बस स्टैंड और संजौली जोन के इंजनघर, संजौली बाजार आदि इलाकों में पानी की आपूर्ति देगा। हालांकि, पानी की कमी पर कई इलाकों की सप्लाई में कट लग सकता है।