अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। भट्ठाकुफर फल मंडी में पार्किंग नहीं मिलने से बागवान परेशान हैं। सेब लेने के लिए यहां पहुंच रहे बागवानों को सड़क किनारे ट्रक खड़े करने पड़ रहे हैं। बागवानों को लोड सेब की रखवाली के लिए ट्रकों में ही रात बितानी पड़ रही है। सड़क ट्रक किनारे पार्क होने से यहां घंटों जाम लग रहा है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बागवानोें का कहना है कि सब्जी मंडी की पार्किंग में खाली गाड़ियों का खड़ा किया जा रहा है और लोड गाड़ियों को पार्किंग में जगह तक नहंी मिल रही। दूरदराज के क्षेत्र के लोग रात के समय गाड़ियों को लोड करते हैं ताकि सही समय पर सब्जी मंडी पहुंच सके लेकिन उन्हें यहां पर गाड़ी को खड़ी करने तक की जगह भी नहीं मिल रही है। कई गाड़ियां देरी से पहुंचने पर दूसरे दिन का इंतजार करना पड़ता है और सड़क किनारे ही गाड़ी को खड़ा करना पड़ रहा है। बागवानों ने मांग की है कि पार्किंग से खाली गाड़ियों को हटा कर लोड गाड़ियों को पार्किंग दी जाए।
---
फल मंडी के पास जाम की समस्या बनी रहती है। शाम को मंडी में आए हैं। अभी तक पार्किंग की सुविधा नहीं मिल पा रही है। गाड़ी मंडी से करीब 200 मीटर दूर खड़ी है। रात भर सेब की लोड गाड़ी की निगरानी करनी पड़ी। ... हरि सिंह, बागवान
---
सबसे ज्यादा दिक्कत पार्किंग की है। पार्किंग खाली गाड़ियों को तो मिल रही है लेकिन लोड गाड़ियों को सड़क के किनारे ही खड़ा करना पड़ रहा है। रात भर गाड़ी की निगरानी के लिए गाड़ी के पास ही रहना पड़ रहा है। ... मनसा राम, बागवान
---
सेब सीजन को दो माह होने लगे हैं। आज तक पार्किंग की सुविधा नहीं मिली। कई बार तो रात रात भी गाड़ी की निगरानी के लिए गाड़ी के पास ही रहना पड़ता है। ... महेंद्र ठाकुर, चालक
---
फल मंडी में सिर्फ खाली गाड़ियों को पार्किंग दी जा रही है। जो लोड गाड़ियां हैं, उन्हें सड़क के किनारे गाड़ी खड़ी करनी पड़ रही है और चलान भुगतना पड़ रहा है। ... रूप सिंह शर्मा, चालक
---
फल मंडी में पार्किंग न मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर पार्किंग में खाली गाड़ियों को खड़ा किया जाता है। जो तीन-चार दिन तक खड़ी रहती हैं। लोड गाड़ियों को भी पार्किंग में जगह मिलनी चाहिए। ... भूपेंद्र शर्मा, बागवान