नगर निगम के सांगटी वार्ड में हो रहे उपचुनाव के लिए शनिवार को वोट डाले जाएंगे। मतदाता सुबह आठ से शाम चार बजे तक अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर वोट डाल सकेंगे। इस बार कुल 3919 मतदाता तीन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
कांग्रेस की ओर से शिल्पा चौहान, भाजपा से मीरा शर्मा तो माकपा से रंजना वर्मा चुनाव मैदान में है। वार्ड की जनता इन तीनों में से किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है, इसका पता शाम पांच बजे तक चल जाएगा।
मतदान के ठीक बाद उपायुक्त कार्यालय परिसर में बने मतगणना केंद्र पर मतों की गिनती की जाएगी। उम्मीद है कि शाम पांच बजे तक चुनाव नतीजे घोषित हो जाएंगे। निर्वाचन आयोग ने मतदान संबंधी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सभी पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम कर दिए हैं। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम ग्रामीण नीरज गुप्ता का कहना है कि मतदान संबंधी सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मतदान के लिए बनाए गए हैं पांच केंद्र
वार्ड में लोगों के लिए पांच मतदान केंद्र बनाए हैं। इनमें तीन सांगटी और हाउसिंग बोर्ड कालोनी, चौथा शनान जबकि पांचवां केंद्र नवबहार के उद्यान विभाग में स्थापित किया है। लोग अपना मतदाता पहचान पत्र दिखाकर वोट डाल सकते हैं। यदि मतदाता पहचानपत्र न हो तो आधार, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य पहचान पत्र दिखाकर भी वोट डाल सकते हैं बशर्तें वोटर लिस्ट में नाम दर्ज हो।
मीरा के आने से तिकोना मुकाबला
यह सीट पहले कांग्रेस के कब्जे में थी। देखना होगा कि इस बार यहां कौन सी पार्टी अपना परचम लहराती है। वार्ड के चुनावी नतीजे नगर निगम की सरकार को प्रभावित नहीं करेंगे। लेकिन मीरा शर्मा के दोबारा चुनाव में उतरने के कारण यह चुनाव काफी रोचक हो गया है।