स्वाइन फ्लू से हिमाचल में मंगलवार को 11वीं मौत हो गई। आईजीएमसी में संजौली की महिला (55) ने दम तोड़ दिया। उन्हें शनिवार को उपचार के लिए लाया गया था। आईजीएमसी में स्वाइन फ्लू के चार मामले भी पॉजिटिव आए हैं।
इनमें एक शिमला के ननखड़ी, दो मरीज बिलासपुर और एक मंडी से 20 साल की लड़की है। इसकी पुष्टि वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश ने की है।
उधर, डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में स्वाइन फ्लू का एक और मामला पॉजिटिव आया है। एमएस डा. दिनेश सूद ने बताया कि पालमपुर के जिया रोगी को अस्पताल के आइसोलेटिड यूनिट में दाखिल किया है।
दो अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के खून के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। पांवटा के एक युवा व्यवसायी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
अब तक प्रदेश भर में 50 मामले पॉजिटिव पाए गए हैं जबकि 172 संदिग्ध मरीजों का स्वाइन फ्लू टेस्ट हुआ है। पॉजिटिव मरीजों में से 26 स्वस्थ होकर घर चले गए हैं।