विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गोवा की तर्ज पर इस बार हिल्सक्वीन शिमला में भी समर टूरिस्ट सीजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर वीकेंड और छुट्टी पर मालरोड तथा रिज मैदान के चिन्हित स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। डीसी शिमला राजेशवर गोयल ने वीरवार को पर्यटन कारोबारियों के साथ बैठक कर आयोजन के लिए सुझाव मांगे।
गर्मियों की छुट्टियों में हिल्सक्वीन शिमला आने वाले सैलानियों के लिए जिला प्रशासन पहली बार देश विदेश के बड़े पर्यटन स्थलों की तर्ज पर सांस्कृतिक आयोजन करवाने जा रहा है। 15 अप्रैल से कार्यक्रम शुरू होंगे और समर टूरिस्ट सीजन के दौरान हर वीकेंड और छुट्टियों के दौरान होते रहेंगे। बाकायदा आयोजनों का कलेंडर तैयार किया जाएगा। इन आयोजनों में हिमाचली संस्कृति, लोक संगीत और परंपरागत वाद्य यंत्रों का प्रदर्शन होगा। आयोजनों के माध्यम से सैलानियों को हिमाचल की देव संस्कृति, लोक संगीत और पारंपरिक परिधानों से अवगत करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त फूड फेस्टिवल भी होगा। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए हथकरघा उत्पादों की बिक्री एवं प्रदर्शनी लगेगी।
शहर के एंट्री प्वाइंटों पर लगेंगे होर्डिंग
आयोजनों के प्रचार प्रसार के लिए शहर के एंट्री प्वाइंटों के अलावा सभी होटलों, पर्यटन निगम की लिफ्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट और बाजारों में पोस्टर, बैनर और होर्डिंग भी लगाने की योजना है। इससे अधिक से अधिक सैलानियों को आयोजनों की सूचना मिलेगी। उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन के अलावा पर्यटन एवं भाषा एवं संस्कृति विभाग सहित अन्य विभागों के सहयोग से यह आयोजन होंगे। बैठक में एडीसी देवाश्वेता बनिक, एडीएम कानून एवं व्यवस्था प्रभा राजीव, एडीएम प्रोटोकॉल नरेश ठाकुर, एसडीएम शहरी नीरज चांदला, एसडीएम ग्रामीण नीरज गुप्ता, सहायक आयुक्त निशांत ठाकुर, उपनिदेशक पर्यटन सुरेंद्र जस्टा, निगम अभियंता विजय गुप्ता और भाषा अधिकारी त्रिलोक सूर्यवंशी मौजूद रहे।
पर्यटन कारोबारी करेंगे हर संभव सहयोग : संजय
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सूद ने कहा कि समर टूरिस्ट सीजन के दौरान होने वाले कार्यक्रमों से शिमला में पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। आयोजन में पर्यटन कारोबारी प्रशासन का हर संभव सहयोग करेंगे। बैठक में होटलियर एसोसियेशन के मुख्य सलाहकार संजय ठाकुर, कोषाध्यक्ष बलजीत सिंह, संयुक्त सचिव सुनील बांबा और एडवेंचर रिजार्ट न्यू कुफरी के एमडी बलदेव ठाकुर, कर्लस ऑफ इंडिया के एमडी नरेंद्र भारद्वाज मौजूद रहे।
बैंड प्रदर्शन और प्रतियोगिता होगी
समर टूरिस्ट सीजन के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की कड़ी में पुलिस बैंड, आर्मी बैंड, होमगार्ड बैंड, स्कूल बैंड और फोक आरकेस्ट्रा का भी प्रदर्शन होगा। स्कूल बैंड की स्पर्धा भी आयोजित होगी और विजेताओं को समर फेस्टिवल के दौरान पुरस्कृत किया जाएगा।
इन स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
गेयटी ओपन थियेटर, रिज पर चर्च के सामने, सीटीओ, जीपीओ, बैन स्टेंड (रिज), मालरोड पर गेयटी थियेटर के बगल में, रोटरी टाउन हॉल के समीप और नाज के पास यह कार्यक्रम होंगे।