न्यू ईयर सैलिब्रेशन के लिए हजारों सैलानियों के शिमला पहुंचने के बाद जब शहर की पार्किंग पैक हो गई तो टुटीकंडी क्रासिंग पार्किंग ही सहारा बनी। शहर करीब साढ़े छह बजे के बाद टुटीकंडी क्रासिंग पार्किंग में गाड़ियों की पार्किंग शुरू कर दी गई, हालांकि सुबह से भी कुछ टूरिस्ट गाड़ियां यहां पार्क थीं। एसडीएम शिमला शहरी नीरज चांदला ने बताया कि शहर की पार्किंगों में जब गाड़ी खड़ी करने के लिए जगह नहीं बची तो गाड़ियों को टुटीकंडी क्रॉसिंग पार्किंग में खड़ा करवाया गया।
न्यू ईयर इव पर सबसे पहले पौने चार बजे ट्रिपल एच कार पार्किंग पैक हुई। करीब सवा पांच बजे लिफ्ट कार पार्किंग और स्नो व्यू पार्किंग भी पैक हो गई। इस समय विंटर फील्ड पार्किंग में 12, एमसी पार्किंग के फर्स्ट फ्लोर पर 13, छोटा शिमला पार्किंग में 50 और आईएसबीटी पार्किंग में 13 गाड़ियों के लिए ही जगह बाकी बची थी। इसके बाद डीएसपी ट्रैफिक गोपाल वर्मा और तहसीलदार शिमला हरीश कुमार ने मोर्चा संभाल कर व्यवस्था बनाई। शहर की पार्किंगों की स्थिति को लेकर एसडीएम शिमला शहरी के फेस बुक पेज पर लगातार अपडेट दिया जाता रहा।
पार्किंगें पैक होते ही धीमी हो गई ट्रैफिक की रफ्तार
पार्किंगों के पैक होते ही शहर के कार्ट रोड पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई। कुछ सैलानियों ने सड़क किनारे ही गाड़ियां खड़ी कर पूछताछ शुरू कर दी जिसके कारण बार-बार जाम की स्थिति बनती रही। लिफ्ट के पास सड़क के दोनों ओर गाड़ियां खड़ी होने के कारण ज्यादा दिक्कत पेश आई, हालांकि ट्रिपल एच पार्किंग से आगे यातायात सामान्य रहा।
शहर में एंटर हो गई थीं 4808 गाड़ियां
न्यू ईयर इव से एक दिन पहले ही शहर में 4808 गाड़ियां एंटर हो चुकी थीं। सुबह आठ से शाम आठ बजे के बीच शोघी बैरियर से इन गाड़ियां ने शहर में प्रवेश किया। इनमें 4483 हल्के वाहन और 325 भारी वाहन दर्ज किए गए।