नए साल के इस्तकबाल के लिए हिल्सक्वीन शिमला पूरी तरह तैयार है। सैलानियों के मनोरंजन के लिए यहां खास बंदोबस्त किए गए हैं। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों तथा निजी होटलों में 31 दिसंबर की रात स्पेशल न्यू ईयर पार्टी का आयोजन किया जाएगा। होटलों में खाने-पीने के खास बंदोबस्त किए गए हैं। पर्यटन विकास निगम के होटलों में स्पेशल रिच मेन्यू तैयार किया गया है।
होटल होली डे होम में आयोजित फूड फेस्टिवल में सैलानियों को हिमाचली व्यंजन परोसने के भी खास इंतजाम हैं। शहर के निजी होटलों में भी डांस प्रोग्राम आयोजित करने की तैयारी है। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए मैदानी इलाकों से भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं। न्यू ईयर को लेकर शिमला में सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम हैं। सैलानियों को पार्किंग की किल्लत न झेलनी पड़े, इसके लिए प्रतिबंधित मार्गों पर अस्थायी पार्किंग चिन्हित की गई है।
शहर के होटलों में आक्यूपेंसी सौ फीसदी
राजधानी शिमला के होटलों में न्यू ईयर ईव से पहले ही आक्यूपेंसी बढ़कर सौ फीसदी पहुंच गई है। शहर के अलावा आसपास के पर्यटन स्थलों पर भी होटल और होम स्टे इकाइयां एडवांस बुक हैं। 31 दिसंबर की रात शिमला में ठहरने के लिए सैलानियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
बसों, ट्रेनों में अगले 2 दिन भारी भीड़
शिमला। हिल्स क्वीन शिमला में नए साल का स्वागत करने के लिए सैलानियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब व हरियाणा से शिमला आने वाली बसों में भारी भीड़ है। 31 दिसंबर व पहली जनवरी के लिए बसों में अधिकतर सीटें एडवांस बुक हैं। कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर चलने वाली टॉय ट्रेन में भी भारी रश चल रहा है। अगले 2 दिनों के लिए टॉय ट्रेन भी पैक है। नए साल का जश्न मनाने के लिए बाहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शिमला पहुंच रहे हैं। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के बाद मंगलवार को शिमला से लौटने वाले लोगों के कारण रश बढ़ सकता है।