शोघी रेलवे पुल के पास देर रात ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक सवार मालिक की मौके पर मौत हो गई। चालक और एक अन्य व्यक्ति को गहरी चोटें आई हैं। दोनों घायलों का आईजीएमसी में इलाज चल रहा है। घटना शनिवार रात पौने दो बजे के करीब की है। गांव थपराला पोस्ट ऑफिस शोघी का रहने वाला संदीप ड्राइवर मदन और बगना के रहने वाले संजय के साथ दुर्गापुर में रेत उतारकर लौट रहा था।
देर रात रेलवे पुल के पास पहुंचे तो ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर चला गया। यह एक घर के लेंटर को तोड़ते हुए रुका। इस घटना में ट्रक का मालिक संदीप ट्रक के बीच बुरी तरह फंस गया था, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रक में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस थाना बालूगंज से पुलिस मौके पर आई और दो क्रेनों की मदद से ट्रक के बीच फंसे संदीप को बाहर निकाला गया। जबकि ट्रक ड्राइवर मदन व संजय पहले ही ट्रक से बाहर निकल गए। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
लेंटर पर गिरता तो और होता जानी नुकसान
यह हादसा जिस समय हुआ तो वहां पर नजदीक एक अन्य व्यक्ति का घर था। अगर यह ट्रक नीचे बने लेंटर पर जा गिरता तो मकान में रह रहे चार परिवारों की जान को भी खतरा बन सकता था।