मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को अनाडेल में बन रहे ग्लैन नेचर पार्क का शिलान्यास किया। महापौर कुसुम सदरेट के वार्ड में बन रहे इस पार्क को विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री ने एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने नगर निगम और वन विभाग की ओर से तैयार किए जा रहे इस पार्क का नाम बदलने की बात भी कही। इस बारे में स्कूली बच्चे अपने सुझाव नगर निगम और शिक्षा मंत्री को भेज सकते हैं। इसमें जिस छात्र के सुझाव का चयन किया जाएगा, उसे सम्मानित करेंगे।
पार्क का शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री ने मेरा वृक्ष-मेरा परिवार अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम शुरू किया। इसमें सीएम के अलावा वन मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, महापौर कुसुुम सदरेट, लारेटो कान्वेंट स्कूल ताराहॉल, हाई स्कूल कैथू, अनाडेल स्कूल के छात्रों और माडर्न नर्सिंग कालेज से आई छात्राओं ने पौधारोपण किया। अनाडेल और दूसरे वार्डों से आए लोगों ने भी पौधे रोपे। कार्यक्रम के दौरान महापौर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसे अभियान चला ही रही है। लेकिन स्कूली बच्चों, युवाओं और ग्रामीणों को भी अपनी भागीदारी दिखानी चाहिए। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने नगर निगम के प्रयासों को सराहा और भविष्य में ऐसे अभियान चलाने की बात कही।
सेहर, गवाही और पगोग की जनता को तोहफा
मुख्यमंत्री ने अनाडेल के साथ लगते सेहर गांव के लिए सड़क बनाने के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव तैयार करने को कहा। जल्द ही इसके लिए पैसा जारी किया जाएगा। सीएम ने गवाही गांव के रास्ते और अनाडेल शमशानघाट के रास्ते को पक्का करने के लिए भी विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पगोग पंचायत के लिए पांच लाख की धनराशि देने की घोषणा की।
नहीं पहुंचे ज्यादातर पार्षद
नगर निगम के इस कार्यक्रम में ज्यादातर पार्षद नहीं पहुंचे। सभी पार्षदों को बाकायदा मेयर ऑफिस से इस बारे में निमंत्रण दिया था। लेकिन ज्यादातर पार्षद शहर में होते हुए भी कार्यक्रम में शरीक नहीं हुए। भाजपा के नाराज पार्षदों में से कोई भी इस कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बना। इससे पहले टाउनहाल को लेकर भी महापौर ने पार्षदों को सीएम के पास चलने को कहा था, लेकिन एक दर्जन से भी कम पार्षद सचिवालय पहुंचे थे।