शिमला। विधानसभा चुनाव में तीसरी आंख की निगाहों से अब कोई नहीं बच सकेगा। निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए कसुम्पटी, ग्रामीण और शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र में वीडियोग्राफिंग और कैमरा मैन टीम का गठन किया गया है। टीम की पैनी नजर चुनाव प्रक्रिया की एक-एक गतिविधि पर होगी, जिससे बच पाना नामुमकिन होगा।
उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि जिले के हर एक विधानसभा क्षेत्र में दो-दो वीडियो ग्राफिंग टीमों का गठन किया गया है। चुनाव आयोग की ओर से स्टैटिक सरविलेंस, फ्लाइंग स्क्वायड, वीडियो वाइविंग, अकाउंटिंग और वीडियो सरविलेंस स्तरीय टीम गठित की गई है। वीडियो ग्राफिंग और कैमरा मैन की हर एक टीम में पांच अधिकारी शामिल होंगे। निर्वाचन आयोग की ओर से वीडियोग्राफिंग और कैमरा मैन की गठित टीम में एक पीठासीन अधिकारी (आरओ), पुलिस प्रशासन का एक एएसआई, दो हेड कांस्टेबल और एक कैमरा मैन शामिल होंगे।
टीम का कार्य चुनावी प्रक्रिया, चुनावी बैठकों, नामांकन, शराब माफियों और पार्टियों की ओर से पैसे से संबंधित लेनदेन के अलावा अन्य चुनाव विरोधी गतिविधियों पर कंट्रोल करना होगा। टीम चुनाव प्रक्रिया के हर पहलू की रिपोर्ट चुनाव निर्वाचन आयोग को देगी। वहीं प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।