नेरचौक (मंडी)। बल्हघाटी में टमाटर की ढुलाई पर छिड़े विवाद को लेकर मंगलवार को गुस्साए किसानों और व्यापारियों ने आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी के घर का घेराव कर दिया। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों काआरोप था कि सोमवार रात को ढुलाई को लेकर मारपीट हुई जिसमें उनके कुछ लोगों को पीटा गया, लेकिन किसी के दवाब में आकर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। माहौल तनावपूर्ण होते देखकर स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। इस दौरान करीब 70 पुलिस कर्मचारियों की प्रकाश चौधरी के घर के इर्द-गिर्द तैनाती करनी पड़ी।
इस दौरान पूरा क्षेत्र छावनी में तबदील हो गया। बाद में मंत्री के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। वहीं देर शाम मारपीट के प्रकरण पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रभावितों में रामकृष्ण, नंद लाल, शिवलाल, किशोरी लाल, बृज लाल, कन्हैया का कहना है कि कड़ी मशक्कत के बाद उनके टमाटर की पैदावार तैयार हुई है। अब जब खरीदार उनके खेतों में टमाटर की पैदावार खरीदने आ रहा है तो उनको डराया धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्री के पास रोष जताने और समस्या के समाधान की गुहार लेकर आए हैं।
यह है विवाद
कुछ दिनों से टमाटर की ढुलाई को लेकर किसानों, स्थानीय माल वाहक वाहन यूनियनों व बाहरी राज्यों के व्यापारियों में विवाद चल रहा है। बाहरी कारोबारी डायरेक्ट किसानों से अपनी गाड़ियों पर माल उठा रहे हैं। जबकि यूनियन विरोध जताते हुए कारोबारियों की गाड़ियों से माल ढोने की मनाही कर रहे हैं। इस मामले में उपायुक्त मंडी को भी ज्ञापन सौंपा जा चुका है। इससे टमाटर के क्रेट की कीमत दिनोंदिन घटने लगी है और झगड़े बढ़ने लगे हैं।
इसलिए गुस्साई भीड़
सोमवार रात को बल्हघाटी में ट्रांसपोर्ट यूनियन के सदस्यों ने पड़ोसी राज्य से टमाटर की खरीद के लिए आए कुछ व्यापारियों और उनके वाहन चालकों की पिटाई कर दी। मामले में जब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो गुस्साए किसानों ने मंगलवार सुबह 7 बजे आबकारी व कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी के घर के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।
व्यापारी की शिकायत पर मामला दर्ज
बल्ह थाना के एसएचओ संजीव कुमार सूद ने कहा कि बाहरी राज्य के व्यापारी के साथ मारपीट की मंगलवार सुबह शिकायत मिली। व्यापारी की शिकायत पर तीन से चार लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में पारदर्शिता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि 70 पुलिस कर्मी मंत्री के घर के बाहर तैनात कर दिए गए हैं।
दोनों पक्षों में समझौता
एसडीएम बल्ह डॉ. संजीव धीमान ने कहा कि किसानों व स्थानीय ट्रांसपोर्ट यूनियनों में समझौता करवा दिया गया है। वहीं, बाहरी राज्यों की व्यापारियों की मारपीट का मामला अलग है। प्रशासन इस विवाद पर नजर रखे हुए है।
प्रधान ने नकारे आरोप
ट्रक यूनियन के प्रधान अजय ठाकुर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि ट्रक यूनियन के सदस्यों के साथ टमाटर खरीदार और आढ़तियों से गुजारिश की थी कि उनकी गाड़ियों को भी काम दिया जाए। ट्रक मालिकों ने बैंकों से 20 -20 लाख से अधिक का लोन ले रखा है। अगर हालात यही रहे तो भूखे मरने की नौबत आ जाएगी।