पारा 40 पार, गर्म थपेड़ों ने किया बेहाल
रामपुर। सोमवार को भी पारा 40 के पार रहा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप ने लोगों ने पसीने छुड़ा दिए तो वहीं शाम तक धूप की तेजी से गर्म थपेड़े से चेहरे पर लगते रहे। आने वाले दिनों में भी इस भीषण गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। भीषण गर्मी के बीच बिजली की आंखमिचौली ने भी लोगों को परेशान किया।
करीब सप्ताह भर पहले हुई बारिश के बाद रविवार तड़के एक बार फिर बारिश के आसार बने लेकिन, सुबह से ही मौसम खुल गया। रविवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा लेकिन, सोमवार को यह एक बार फिर 40 के पार पहुंच गया। करीब सप्ताह भर पूर्व बारिश के कारण तापमान में जो गिरावट हुई थी वह अब खत्म हो चुकी है और मौसम एक बार फिर आग उगल रहा है। मौसम में भीषण गर्मी की मार के बीच बिजली की आंखमिचौली भी लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। दिन-रात लगभग सभी बिजलीघरों में कई-कई बार बिजली गुल हो रही है। हालांकि यह कटौती आधे से एक घंटे की होती है लेकिन, भीषण गर्मी में कई बार हो रही ये थोड़ी-थोड़ी देर की कटौती भी मुश्किलें बढ़ा रही हैं।