पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल ट्रैक पर करीब 100 अनधिकृत रेलवे क्रॉसिंग को हटाकर इस रूट पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाई जाएगी। 160 किलोमीटर लंबे इस रेलवे ट्रैक पर अधिकृत रूप से 40 क्रॉसिंग हैं जिन्हें बहाल रखा जाएगा।
भारतीय रेल बोर्ड के मेंबर राजेश अग्रवाल ने यह बातें शनिवार को जोगिंद्रनगर में रेल ट्रैक निरीक्षण के दौरान कहीं। एक विशेष रेलगाड़ी के माध्यम से जोगिंद्रनगर पहुंचे अधिकारी ने पठानकोट से जोगिंद्रनगर तक चलने वाली रेलगाड़ी की गति बढ़ाने की विभिन्न संभावनाओं के संदर्भ में विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि ट्रैक अत्यंत सुंदर है। इसके एक तरफ सुंदर पहाड़ियां तो दूसरी तरफ नदियां हैं। इसलिए यह ट्रैक निश्चित तौर पर पर्यटकों को आकर्षित करता है। उन्होंने इस ट्रैक के सौंदर्यीकरण के लिए प्रदेश सरकार, वन विभाग और एनएसएस स्वंयसेवियों का सहयोग मांगा।
उन्होंने कहा कि इस ट्रैक को और अधिक सुंदर बनाने के लिए ट्रैक के मध्य पड़ने वाले स्टेशनों पर उत्तम पहाड़ी भोजन के स्टॉल स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने रेल गति बढ़ाए जाने को लेकर बहुत शीघ्र सकारात्मक परिणाम मिलने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मंडलीय रेलवे प्रबंधक फिरोजपुर विवेक कुमार सहित रेल विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित थे। इस मौके पर मंडी जिला भाजपा के महामंत्री पंकज जंवाल ने उनसे भेंट कर कुछ सुझाव दिए। गौरतलब है कि शनिवार को केंद्रीय राज्य रेल मंत्री मनोज सिन्हा का दौरा प्रस्तावित था, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते उनका दौरा रद्द हो गया।