हिमाचल प्रदेश पुलिस, सीआईडी और प्रवर्तन निदेशालय की जांच झेल रहा मानव भारती विश्वविद्यालय (एमबीयू) समेत प्रदेश के दस निजी विश्वविद्यालयों और 73 सरकारी, गैर सरकारी संगठन अपन ऑडिट रिपोर्ट नहीं दे रहे हैं। सभी प्रदेश विधानसभा की अधीनस्थ विधायन समिति के निशाने पर आ गए हैं। समिति ने देरी के कारण समेत वार्षिक लेखा परीक्षा (ऑडिट) प्रतिवेदन भेजने के लिए कहा है। साल 2010-11 से इन सभी विश्वविद्यालयों व अन्य संगठनों ने अपनी ऑडिट रिपोर्ट विधानसभा की समिति को नहीं भेजी है। समिति के अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने विधानसभा के बजट सत्र में समिति की एक रिपोर्ट रखी है, जिसमें इस बात का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में इस बात का कड़ा संज्ञान लिया गया है कि अभी तक प्रतिवेदन नहीं सौंपा है।