कहते हैं न कि हौसले बुलंद हों तो उम्र महज एक गिनती रह जाती है। 10 साल की तेजस्वी अभिलाष इसी का जीता जागता उदाहरण हैं। अभिलाष ने सिर्फ 59 सेकेंड में डिजिटल डूडल बनाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करा लिया है। इतना ही नहीं वह एशिया की सबसे कम उम्र की युवा लड़की भी बन गई हैं, जिन्होंने इस आर्ट को इतने कम समय में पूरा कर लिया हो। बेहद ही कम उम्र में डिजिटल ड्राइंग की दुनिया में इस तरह का इतिहास रचने वाली कोची के त्रिशुर की तेजस्वी अभिलाष युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
असल में तेजस्वी के चाचा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी, बेंगलुरु के लिए ड्राइंग असाइनमेंट बनाते रहते हैं। तेजस्वी को इसकी प्रेरणा उन्हीं से मिली है। चाचा की कला को देखते हुए वह खुद इसमें हाथ आजमाने लगीं। चीजों को तेजी से सीखने की ललक रंग लाई और आज तेजस्वी युवा साथियों के लिए प्रेरणा बन रही हैं। तेजस्वी कहती हैं, मैं अंकल को डिजिटल आर्ट बनाते हुए देखती तो उसे सीखने की ललक जगती। मैंने उनसे सीखना शुरू किया, धीरे-धीरे कई सारे चित्र, कार्टून और आकृतियां बनाने लगी। समय के साथ चीजें निखरती गईं और मेरा उत्साह बढ़ता गया।