मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 22 जनवरी को अयोध्या में न्यूनतम तापमान भी 6 से 8 डिग्री के बीच बने रहने का अनुमान है। इसके अलावा पूरे दिन मौसम साफ रहेगा। हालांकि विभाग का मानना है कि रात को न्यूनतम तापमान कम होने की वजह से इसका असर दिन में दिखेगा। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा कहते हैं कि अनुमान यही है कि अयोध्या और आसपास के इलाकों में दिन का तापमान 15 से 17 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा।
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अयोध्या में 20 जनवरी के बाद के मौसम की पूरी जानकारी राज्य सरकार को भी उपलब्ध करा दी गई है। दरअसल अयोध्या में राम मंदिर के शुभारंभ के मौके पर अयोध्या समेत आसपास के कई हवाई अड्डों पर विमानों का आवागमन ज्यादा होने वाला है। इसी वजह से मौसम की जानकारी भी पहले से साझा की जा चुकी है। एक अनुमान के मुताबिक अयोध्या में 22 जनवरी से लेकर 25 जनवरी के बीच तकरीबन 100 चार्टर्ड प्लेन के आने का अनुमान है।