प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में अयोध्या में राम मंदिर के गर्भगृह में श्री रामलला के नवीन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई। देश-विदेश में लाखों रामभक्त इस पावन पल के साक्षी बने। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान हेलीकॉप्टर ने नवनिर्मित रामजन्मभूमि मंदिर पर पुष्प वर्षा की गई। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के बाद पीएम मोदी ने भगवान राम को साष्टांग प्रणाम किया। समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अपना उपवास तोड़ा।
विज्ञापन
इससे पहले सुनहरे रंग का कुर्ता, क्रीम रंग की धोती और उत्तरीय पहने प्रधानमंत्री मोदी नवनिर्मित राम मंदिर के मुख्य द्वार से अंदर तक पैदल चलकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और गर्भगृह में प्रवेश किया। इस दौरान वे अपने हाथ में लाल रंग के कपड़े में लिपटा हुआ चांदी का एक छत्र भी लेकर आए थे। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान बजाई गई मधुर ‘मंगल ध्वनि’ में देशभर के 50 पारंपरिक वाद्ययंत्रों का इस्तेमाल किया गया।