बीकानेर के सदर थाना क्षेत्र में गीजर से लीक हुई गैस से एक युवक की मौत हो गई। बाथरूम में नहाते समय युवक का दम घुट गया। काफी देर तक युवक बाथरूम से नहीं निकला तो परिजनों ने उसे आवाज लगाई। लेकिन, उसने कोई जवाब नहीं दिया। अनहोनी की आशंका में उन्होंने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर देखा तो परिजनों के होश उड़ गए। युवक जमीन पर बेहोश पड़ा था, परिजन उसे पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार युवक ने गर्म पानी से नहाने के लिए बाथरूम में लगा गीजर चालू किया था। इससे अचानक गैस का रिसाव होने के कारण युवक की दम घुटने से मौत हो गई। मृतक अरबाज अली पुत्र अजीज अहमद भुट्टो का बास का रहने वाला था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।