मृतक के परिजनों को समझाते मंत्री।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के बीकानेर जिले में युवक की हत्या कर शव को जलाने के बाद उसके परिजन धरने पर बैठ गए थे। मृतक के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पीबीएम अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। अब आपदा प्रबंधन मंत्री गोविंद राम मेघवाल की समझाइश के बाद मृतक के परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया है।
दरसल, युवक की हत्या के तीसरे दिन शुक्रवार सुबह आपदा प्रबंधन मंत्री गोविंदराम मेघवाल परिजनों से मिलने धरना स्थल पर पहुंचे। उनकी समझाइश के परिजन शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए राजी हो गए और अपना धरना खत्म कर दिया। मंत्री मेघवाल ने परिजनों को आश्वस्त किया कि इस मामले की जांच आईजी ओमप्रकाश के सुपरविजन में होगी और इसकी जांच एसपी ग्रामीण सुनील कुमार करेंगे।
मंत्री के आश्वासन के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए मान गए। धरने पर बैठे लोगों का आरोप था कि मृतक के परिजन गुमशुदगी रिपोर्ट लिखवाने के लिए एक थाने से दूसरे थाने के बीच चक्कर काटते रहे, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अगर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती तो शायद बाबूलाल की हत्या नहीं होती। परिजनों की मांग है कि पुलिस हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को गिरफ्तार करे। साथ ही लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जाए।