राजस्थान में दुनिया का सबसे बड़ा सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा। ये प्लांट सांभर झील के निकट स्थापित होगा। जयपुर के पास स्थित सांभर झील के निकट इस 30 हजार करोड़ रुपए की लागत से यह परियोजना पूरी की जाएगी।
इस परियोजना में 4000 मेगावाट का सोलर यंत्र स्थापित किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार राजस्थान सरकार इसी महीने होनेवाली केबिनेट बैठक में इसकी घोषणा कर सकती है। अधिकारी इस परियोजना का खुलासा करने में हिचक रहे हैं।
माना जा रहा है कि आचार संहिता लगने से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस परियोजना का शिलान्यास कर सकते हैं। परियोजना में निवेश के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की कम्पनियों का एक समूह बनाया गया है।
इसमें जयपुर की सीपीएसई हिन्दुस्तान सॉल्ट लि. अपनी सब्सिडियरी सांभल सॉल्ट लि. सहित पीएसयू जैसे बीएचईएल, सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, सतलुज जल विद्युत निगम व पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन इसके अंश धारक होंगे।
हिन्दुस्तान सॉल्ट के पास 57 हजार एकड़ जमीन है। पहले चरण में 5 हजार एकड़ में 1000 मेगावाट के संयंत्र लगाए जाएंगे। इसके लिए करीब 7500 करोड़ का निवेश होगा।