भरतपुर जिले के नदबई थाना अंतर्गत बैलारा गांव में बाथरूम में बर्तन साफ करते समय छत की पटि्टयां अचानक के महिला के ऊपर गिर गईं। मलबे में दबने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे को देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पट्टियां हटाकर महिला को निकाला और नदबई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव बैलारा निवासी अंशु देवी अपने घर पर बाथरूम के बाहर बर्तन साफ कर रही थी। तभी अचानक पट्टियां गिर गईं। पट्टियों के नीचे महिला दब गई। हादसे को देख आसपास रह रहे लोगों ने परिवार के सदस्यों के साथ पट्टियों के नीचे दबी महिला को निकाला। लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए नदबई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची नदबई थाना पुलिस द्वारा मृतका का नदबई सीएचसी पर पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।