केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि जिस कांग्रेस ने देश को जाति और भाषा के आधार पर बांटा हो, जिसने भारत के टुकड़े होना स्वीकार किया हो, उस कांग्रेस के युवराज भले ही आज भारत जोड़ो यात्रा और हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चला रहे हो, लेकिन जनता सब समझ चुकी है। अब वो उनसे हाथ नहीं मिलाने वाली है। शेखावत ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद को बेबस कहते हैं। ऐसे में उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है?
जोधपुर के लूणी विधानसभा क्षेत्र के पाल में मंगलवार को हुई जन आक्रोश सभा में शेखावत ने कहा कि कांग्रेस ने भारत को कई बार तोड़ा। पहली बार देश का बंटवारा स्वीकार किया। दूसरी बार कश्मीर पर कबाइलियों के आक्रमण में समय पर सेना नहीं भेजकर पीओके बनवाया। चीन के साथ युद्ध में भूमि गंवाई। देश को जाति, धर्म और भाषा के आधार पर बांटा। वही कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। कांग्रेस ने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू किया है। यह अभियान भी कांग्रेस की एक नोटंकी है।
पहले राम को नकारा, अब हिंदू याद आए
शेखावत ने कहा कि यह वही कांग्रेस है, जिसने राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था। आज उसी कांग्रेस को हिंदू याद आ रहे हैं। क्या आप ऐसी कांग्रेस से हाथ मिलाओगे, जो राम को ही नहीं मानती। जिस कांग्रेस ने घोटालों के नए कीर्तिमान बनाए। जिस कांग्रेस ने धरती के अंदर कोयले से लेकर आसमान में तारों तक में घोटाला किया, जिस पार्टी ने देश को विदेशी ताकतों के सामने झुकने को मजबूर किया। जिनके घोटालों की कालिख से हाथ रंगे हुए हैं, उनके साथ क्या आप हाथ मिलाना पसंद करोगे?
मंत्रियों के संरक्षण में प्रदेश में पनपा माफिया राज
केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि प्रदेश में माफिया राज पनप रहा है। भूमाफिया, बजरी माफिया और नकल माफिया। इन माफिया को प्रदेश के विधायकों और मंत्रियों का सरंक्षण प्राप्त है। इसलिए इनके हौसले बुलंद हैं। महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहे हैं। राजस्थान में बलात्कार की 27 हजार घटनाएं हुई हैं। महिलाओं के साथ बलात्कार, अपराधियों को संरक्षण देने का पाप इस गहलोत सरकार ने किया है। सात हजार से ज्यादा निरपराध लोगों की हत्या हुई हैं। इसके बावजूद इस सरकार का मुखिया लाचार होकर कहता है कि मेरा बस चले तो मैं रेपिस्टों को, माफिया को सिर मुंडवाकर घुमाऊं। शेखावत ने कहा कि जब एक प्रदेश का मुख्यमंत्री इतनी लाचारी जता रहा है तो प्रदेश में सुशासन कैसे आएगा?
किसान को नहीं मिल रही खाद
शेखावत ने किसानों की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि राजस्थान में खाद की जितनी मांगी, उसकी दस प्रतिशत ज्यादा खाद पीएम नरेन्द्र मोदी जी ने भेजी। रूस- यूक्रेन युद्ध के चलते पूरी दुनिया में खाद की कीमत बढ़ी गई, लेकिन मोदी जी ने तय किया कि मेरे अन्नदाता पर एक रुपए का भी बोझ नहीं बढ़ना चाहिए। इसलिए भारत सरकार ने सब्सिडी बढ़ाकर एक हजार करोड़ से ढाई हजार करोड़ कर दिया, लेकिन राजस्थान के किसान की खाद गोदामों में पड़ी रही और किसान कालाबाजारी में खाद खरीदते रहे। कर्जा माफी नहीं होने से किसान आत्महत्या कर रहे हैं?
नकल प्रकरण की सीबीआई जांच करवाएंगे
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि नकल माफिया ने राजस्थान के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। एक पेपर लीक होता तो शायद जनता माफ कर देती, लेकिन यहां लगातार पेपर लीक हो रहे हैं। यहां कौन प्रश्रय दे रहा है। अभी रीट की परीक्षा में जिस आरोपी ने पेपर लीक किया, वहीं अभी बस में पेपर लीक करवा रहा था। इसकी जांच सीबीआई को सौंपनी चाहिए, लेकिन यदि सीबीआई को जांच दे दी होती तो जांच की आंच इनके मंत्रियों के गले तक पहुंच जाती। सब मिलीभगत से हो रही है। उन्होंने घोषणा की कि भाजपा की सरकार बनी तो नकल प्रकरण की जांच सीबीआई से कराएंगे और पिछले रास्ते से जिन्होंने नौकरी हासिल की, उन्हें सींखचों के पीछे भेजने का काम करेंगे।