मेडिकल ऑफिसर भर्ती-2022 परीक्षा का रिजल्ट जारी
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
राजस्थान सरकार के मेडिकल एंड हेल्थ मिनिस्टर परसादीलाल मीणा ने मंगलवार को जयपुर में अपने सरकारी निवास से राजस्थान मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी (आरयूएचएस) की वेबसाइट पर लैपटॉप का बटन दबाकर क्लिक किया और मेडिकल ऑफिसर भर्ती परीक्षा 2022 का रिजल्ट जारी कर दिया। कुल 7765 कैंडिडेट डॉक्टर्स का रिजल्ट निकाला गया है। यह परीक्षा 1765 पदों पर भर्ती के लिए थी। रिजल्ट आने के बाद अब प्रदेश के लोगों को अस्पतालों में ज्यादा डॉक्टर्स मिल सकेंगे।
दूर दराज के अस्पतालों में डॉक्टर उपलब्ध होंगे
रिजल्ट जारी करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री परसादीलाल मीणा ने कहा- राजस्थान कि आधारभूत मेडिकल सर्विसेज की मजबूती की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण क़दम है। नए डॉक्टर्स की भर्ती होने से दूर दराज़ के हॉस्पिटल में डॉक्टर उपलब्ध होंगे और लोगों को वक्त पर मेडिकल सर्विसेज का फायदा मिल सकेगा।
आरयूएचएस की वेबसाइट पर रिजल्ट
रिजल्ट जारी करने होने के बाद आरयूएचएस के वाइस चांसलर डॉ सुधीर भंडारी ने बताया कि रिजल्ट को आरयूएचएस की वेबसाइट www.rushraj.org पर देखा जा सकता है। उन्होंने कहा- अब तुरंत ही रोस्टर के मुताबिक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद सरकार को डॉक्टर्स के नाम भेजे जाएंगे, ताकि सलेक्टेड डॉक्टर्स को नियुक्तियां दी जा सकें।
अलग-अलग वर्ग की सीटों पर डॉक्टर्स की भर्ती
आरयूएचएस ने मेडिकल ऑफिसर सीधी भर्ती परीक्षा-2022 के तहत 1765 पदों पर वैकेंसी निकाली थी। 21 दिसंबर 2022 को ऑनलाइन ही परीक्षा ली गई। पहले यह परीक्षा 840 पदों पर होनी थी। जिसे बाद में बढ़ाकर 1765 पद कर संशोधित विज्ञप्ति निकाली गई थी। इसमें अनारक्षित वर्ग की 638, आर्थिक कमजोर वर्ग की 176, पिछड़ा वर्ग की 370, एससी की 282, एसटी की 211, मोस्ट बैकवर्ड क्लास (एमबीसी) की 88, विशेष योग्यजन की 71 और एक्स सर्विसमैन की 88 सीटें शामिल थीं।
यह है उम्र और वेतनमान
इसमें 22 से 45 साल के डॉक्टर्स से आवेदन मांगे गए थे। वेतन 15600-39100 (पे स्केल 14), साथ ही चिकित्सा भत्ते के रूप में प्रतिमाह 17400 रुपए जोड़कर प्रोबेशन पीरियड में 56 हजार 700 रुपए रहेगा। प्रोबेशन पीरियड पूरा होने के बाद ये डॉक्टर्स पीजी के लिए अप्लाई कर सकेंगे।