चूरू में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में चाचा ने 17 साल की नाबालिग भतीजी के साथ डेढ़ महीने तक दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।
महिला थाना सीआई सुखराम चोटिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल बोर्ड से मेडिकल करवाया गया है। सीआई चोटिया ने बताया कि नाबालिग के पिता ने रिपोर्ट दी कि वह अपने परिवार के साथ घर में रहता है। उसी घर में उसका छोटा भाई भी रहता है। 17 नवंबर की शाम को जब वह मजदूरी करके घर आया तो उसकी पत्नी ने बताया कि छोटे भाई ने उसके साथ झगड़ा किया। झगड़े के दौरान नाबालिग बेटी ने बताया कि चाचा उसके साथ पिछले डेढ़ महीने से रात के समय मौका पाकर गलत काम करता आ रहा है। पीड़ित किशोरी ने बताया कि आरोपी चाचा ने उसे धमकी दी थी कि किसी को अगर बताया तो वह उसे जान से मार देगा।
नाबालिग का आरोप है कि उसकी चाची गर्भवती है। इसलिए वह अपने पीहर गई हुई है। उसके चाचा ने एक रात जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद लगातार उसे ब्लैकमेल कर उसका देहशोषण करता रहा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।