Udaipur: गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल मीणा पर लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के 8 मामले दर्ज हैं। अनिल मीणा पर लूट और अपहरण के 3 मामले हैं, जबकि एक नाबालिग पर लूट व चोरी के 8 केस दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है।
उदयपुर पुलिस ने मोबाइल और नकदी लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और दो विधि से संघर्षरत बाल अपचारियों को निरुद्ध किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने 45 से अधिक वारदातें करने की बात स्वीकार की है। उनके कब्जे से 11 मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
विज्ञापन
पुलिस कार्रवाई और जांच
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और वृत्ताधिकारी सूर्यवीर सिंह राठौड़ के सुपरविजन में थानाधिकारी दिलीप सिंह झाला के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पूर्व में अपराधों में शामिल अभियुक्तों पर नजर रखी। इस दौरान आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
अपराधियों का खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल मीणा, प्रभु मीणा, अनिल मीणा और रोशन मीणा शामिल हैं, जबकि दो अन्य नाबालिग हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 45 से अधिक मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली। लूट के बाद वे मोबाइल को सस्ते दामों पर बेचकर उस पैसे से मौज-मस्ती और नशा करते थे।