ईद के अगले दिन शुक्रवार को शहर के खांजीपीर किशनपोल क्षेत्र में एक मुस्लिम युवक ने चाकू से हमला कर दो युवकों को घायल कर दिया। दोनों घायल युवक भी मुस्लिम समुदाय के हैं। उन्हें उपचार के लिए महाराणा भूपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी हमलावर फरार है।
सूरजपोल थाना पुलिस के अनुसार घायल युवक समीर व शाहबाज किशनपोल के रहने वाले हैं और उन पर हमला करने वाला नूर मोहम्मद भी किशनपोल में ही रहता है। घायलों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि नूर मोहम्मद से उनका कोई झगड़ा नहीं था। उसकी दुश्मनी इकराम नाम के व्यक्ति से थी। नूर जब इकराम पर चाकू का वार करने लपका तो समीर व शाहबाज बीच-बचाव करने लगे लेकिन हमलावर द्वारा ताबड़तोड़ किए गए इस हमले में समीर व शाहबाज की पीठ और जांघों पर चाकू लगने से वे घायल हो गए। वारदात के बाद खांजीपीर, किशनपोल, पटेल सर्कल, माछला मगरा और सवीना क्षेत्रों में लोगों में भय उत्पन्न हो गया। दोनों घायल युवकों की हालत खतरे से बाहर है।