चर्चित निधि पंचाल दहेज हत्या मामले में गिरफ्तार किए गए पति, सास, ससुर को डूंगरपुर जिला न्यायालय ने मंगलवार को न्यायिक हिरासत के अंतर्गत जेल भेजने का आदेश दिया।
दहेज की भूख पूरी न करने और बेटा पैदा करने के बजाय बेटी को जन्म देने पर ससुराल में निधि पंचाल की हत्या कर दी गई थी। उदयपुर की बेटी निधि पंचाल की हत्या के आरोप में डूंगरपुर सदर थाना पुलिस ने पति, सास, ससुर को गिरफ्तार किया था। डूंगरपुर जिला न्यायालय ने मंगलवार को न्यायिक हिरासत के अंतर्गत जेल भेजने का आदेश दिया।
पुलिस ने दिवंगत निधि के पति निशांत पंचाल, ससुर प्रकाश पंचाल और सास इंदिरा पंचाल को सोमवार रात दहेज उत्पीड़न की धारा 498 ए तथा दहेज हत्या की धारा 304 के तहत गिरफ्तार किया था। निधि के पिता यश पंचाल ने इन तीनों के अलावा निधि की ननद जानवी, तन्वी और एक अन्य महिला लीला देवी को भी आरोपी बनाया था। पुलिस नामजद तीन जनों के खिलाफ भी छानबीन कर रही है।
उल्लेखनीय है कि 24 जून को निधि को नाजुक हालत में डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर शव मोर्चरी में रखा दिया था। निधि के ससुराल पक्ष के बजाय किसी पड़ौसी ने उसके उदयपुर निवासी पिता को निधि की हालत गंभीर होने की सूचना दी। माता पिता और कुछ अन्य पीहर वाले डूंगरपुर अस्पताल गए तो निधि की लाश मोर्चरी में मिली। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा निधि का शव उदयपुर लाया गया। उसकी अंतिम क्रिया उदयपुर में हुई।
निधि की मौत से उदयपुर, डूंगरपुर का मालवीय लोहार समाज में आक्रोश था। उदयपुर और डूंगरपुर जिला कलेक्टरी पर प्रदर्शन हुए। पीहर पक्ष के लोगों ने डूंगरपुर स्थित प्रतापनगर कॉलोनी निवासी प्रकाश पांचाल के घर के बाहर आयल पेण्ट से हत्यारों का घर लिख दिया था।