डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा में सिक्स लेन हाईवे पर स्थित नीलगिरी होटल के मालिक ने अपने यहां काम करने वाले वेटर की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसका पेशाब आना बंद हो गया। वेटर का अपराध इतना था कि उसने होटल मालिक से दो दिन की छुट्टी मांगने की जुर्रत कर डाली।
बेरहम होटल मालिक सन्नी अरोड़ा ने वेटर किशन कलाल की न केवल वहशियाना ढंग से पिटाई की बल्कि उसे खाना दिए बगैर होटल की एक कोठरी में बंद कर दिया। शुक्रवार शाम से शनिवार दोपहर तक वेटर किशन भीषण गर्मी में कोठरी में बंद रहा। फिर शनिवार शाम को कोठरी का दरवाजा खुला देख तो जान बचाने के लिए बाहर निकलकर छुपते-छुपाते अपने घर पहुंचा।
घर पहुंचने पर मां और परिवार वाले उसकी हालत देख दंग रह गए। उसे तुरंत परसाद गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका पेशाब बंद होना पाए जाने से उसे कैथेटर लगाया और घावों पर ड्रेसिंग की।
परसाद सीएचसी प्रभारी ने किशन के परिजनों को बताया कि एक-दो दिन में पेशाब आना शुरू नहीं होने पर सर्जरी करानी पड़ सकती है। होटल नीलगिरी परसाद थाना क्षेत्र में नहीं आने से होटल मालिक सन्नी पंजाबी के खिलाफ बिछीवाड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।