उदयपुर जिले के थाना प्रतापनगर क्षेत्र के मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में पांच फरवरी की रात चौकीदार की सिर पर पत्थर से वारकर निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। मामले पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कमलेश भावसार उर्फ अजीत पुत्र कैलाश चन्द्र निवासी युआईटी कॉलोनी थाना प्रताप नगर एवं श्याम लाल पुत्र पुनालाल निवासी गोखर मगरी थाना सविना जिला उदयपुर हाल युआईटी कॉलोनी, मादडी थाना प्रताप नगर हैं।
उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने बताया कि 6 फरवरी की सुबह मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में नवनीत मोटर्स, कार शोरूम के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना पर एसएचओ प्रताप नगर राजेन्द्र सिंह मय टीम के तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। वहां एक अज्ञात व्यक्ति की लाश पड़ी मिली, जिसकी किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर मारकर हत्या कर दी थी। फोरेंसिक टीम बुलाकर मौका मुआयना कराया गया। शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए एमबीजी उदयपुर के मुर्दाघर में रखवा दिया गया।
मृतक के भाई बसंती लाल ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में अज्ञात व्यक्तियों पत्थर मारकर हत्या करने का आरोप लगाया गया। शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी गोयल द्वारा घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा व सीओ छगन पुरोहित के सुपरविजन एवं प्रोबेशनर आईपीएस माधव उपाध्याय व एसएचओ राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना प्रतापनगर से अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा आरोपियों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आस-पास 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को चेक किया।
इसके साथ ही अन्य इलेक्ट्रोनिक माध्यम और आसूचना के सहयोग से गोपनीय सूचना एकत्रित की गई। टीमों के रात-दिन के अथक प्रयासों से अनुसधान में पाया गया की घटना की रात बीएसएनएल कंपनी में कॉन्ट्रेक्ट पर फाइबर वायरिंग का काम करने वाले श्यामलाल एवं कमलेश भावसार उर्फ अजीत की गतिविधि संदिग्ध हैं। इस पर दोनों से पूछताछ कि तो इन्होंने बताया कि वायरिंग रिपेयरिंग के काम के दौरान चौकीदार लादु लाल से टॉर्च मांगने की बात को लेकर गाली गलौच हो गई थी।
गुस्से में आकर आरोपी श्यामलाल एवं कमलेश भावसार उर्फ अजीत ने पास पडे़ पत्थरों के ढेर से पत्थर उठा चौकीदार लादुलाल के सिर पर मारकर उसकी हत्या कर दी। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जाकर प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है।