पंचवटी स्थित ज्वैलरी शोरूम में हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर उत्तर प्रदेश के चंबल के बीहड़ों में जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाया गया करीब 60 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया है। इससे पहले पुलिस गिरोह के दो अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
बीहड़ में जमीन के नीचे दबाया था चोरी का माल
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि 29 जुलाई को पंचवटी स्थित नवीन ज्वैलर्स के मालिक नवीन स्वरूपरिया ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, बदमाश शोरूम का शटर उखाड़कर और शीशे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे थे। चोर करीब 22 लाख रुपये के हीरे, 390 ग्राम सोने के जेवर, 12 किलो चांदी के आभूषण और 9.75 लाख रुपये नकद ले गए थे।
200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बीहड़ तक पहुंची पुलिस
वारदात के बाद पुलिस टीमों ने उदयपुर शहर के अलग-अलग रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में पांच संदिग्ध शोरूम में चोरी से पहले रेकी करते दिखाई दिए। पुलिस ने संदिग्धों के आने-जाने का रास्ता ट्रैक किया तो उनके सिटी रेलवे स्टेशन से चित्तौड़गढ़ की ओर जाने की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस ने चित्तौड़गढ़, कोटा, बारां, धौलपुर, ग्वालियर और आगरा तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की कड़ियां जोड़ीं। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस चंबल के बीहड़ों तक पहुंची। टीमों ने बीहड़ में आरोपियों के गुप्त ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई और दबिश देकर खेत में जमीन के नीचे गाड़कर रखा गया चोरी का सामान बरामद कर लिया।
दो महीने पहले मजदूरी के लिए आए थे आरोपी
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मनोज वर्मा और आनंद वर्मा चोरी से करीब दो महीने पहले मजदूरी करने उदयपुर आए थे। यहां उन्होंने ज्वैलरी शोरूम की रेकी की और इसके बाद अपनी गैंग के अन्य सदस्यों को उदयपुर बुलाया। आरोपियों ने पास के नाले से सेंध लगाकर शोरूम में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
वारदात में मोबाइल का इस्तेमाल नहीं किया
पुलिस के अनुसार, चोरी के दौरान आरोपियों ने मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया। वारदात के बाद भागते समय उन्होंने लगातार बस और ट्रेन बदलीं। रास्ते में हर जगह नकद भुगतान किया, ताकि पुलिस को कोई डिजिटल या अन्य साक्ष्य न मिल सके।