फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udaipur Murder Case: कई दिनों से हो रही थी रेकी, पड़ोसी नाजिम की शिकायत पर कन्हैया को ही किया था गिरफ्तार

Thu, 30 Jun 2022 06:39 AM IST
Jeet Kumar एजेंसी, उदयपुर।

सार

हले कन्हैयालाल के पड़ोसी नाजिम ने 11 जून को उसके खिलाफ एक विवादित सोशल मीडिया पोस्ट करने पर मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने कन्हैयालाल को गिरफ्तार भी किया। बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया।
विज्ञापन
उदयपुर हत्याकांड - फोटो : Amar Ujala Digital
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कन्हैया लाल ने 15 जून को धानमंडी पुलिस थाने में एक शिकायत देकर बताया था कि उसे मारने की साजिश रची जा रही है। कई दिनों से उसकी दुकान की रेकी हो रही है। पड़ोसी नाजिम और उसकी बिरादरी के कुछ अन्य लोगों ने उसकी तस्वीर भी व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा की है और लिखा है कि दिखते ही इसे जान से मार दिया जाए। यह जैसे ही दुकान खोले इसे छोड़ा न जाए। लेकिन पुलिस इस शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय समझौता कराने में जुटी रही। इससे पहले कन्हैयालाल के पड़ोसी नाजिम ने 11 जून को उसके खिलाफ एक विवादित सोशल मीडिया पोस्ट करने पर मामला दर्ज कराया था।

विज्ञापन


पुलिस ने कन्हैयालाल को गिरफ्तार भी किया। बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया। 15 जून को कन्हैयालाल ने पुलिस में लिखित शिकायत दी। इसमें कहा, मेरी जान को खतरा है। कुछ लोग मेरी दुकान की रेकी कर रहे हैं। मुझे नाजिम से जान से मारने की धमकी वाले फोन आ रहे हैं। मुझे पुलिस सुरक्षा दी जाए। पुलिस ने बाद में नाजिम और कन्हैया के बीच सुलह का दावा किया। कन्हैयालाल ने शिकायत वापस ले ली। फिर भी धमकियां मिलती रहीं। 

वह जब पुलिस के पास जाता तो उसे यह कहकर लौटा दिया जाता कि समझौता तो हो गया है। समझौते पर पांच लोगों के मोबाइल नंबर भी दर्ज किए गए हैं। इन सब के बावजूद भी कन्हैया को लगातार वाट्सएप कॉल पर धमकियां मिलती रहीं। कन्हैया ने बताया था कि उसे फोन चलाना ही नहीं आता, जिस पोस्ट को लेकर उसे मारने का फरमान जारी किया गया है वह उसके बेटे ने गलती से कर दी थी। 
विज्ञापन


पति के हत्यारों को फांसी पर लटकाया जाए
कन्हैयालाल की पत्नी यशोदा ने कहा, मेरे पति के हत्यारों को फांसी पर लटकाया जाए। हम न्याय की मांग करते हैं जो तभी होगा जब उनके हत्यारों को फांसी होगी। उन्होंने कहा, कन्हैयालाल कई दिनों के बाद  अपनी दुकान पर गए थे। 10-15 दिनों से उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही थी।

लापरवाह एसएचओ निलंबित
राजस्थान के डीजीपी एमएल लाथर ने बताया कि यूएपीए व आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सभी डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। लापरवाही के कारण धानमंडी थाना के एसएचओ गोविंद राजपुरोहित को निलंबित कर दिया गया है।

भीम में भीड़ ने पुलिस पर चलाई तलवार
राजस्थान के राजसमंद जिले के भीम कस्बे में बुधवार को मस्जिद की ओर बढ़ रही भीड़ ने रोके जाने पर पुलिस वालों पर ही तलवार से हमला बोल दिया। भीड़ को रोकने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। डीजीपी एमएल लाथर ने कहा, यह भीड़ धार्मिक ढांचे पर हमला करने के इरादे से उसकी ओर बढ़ रही थी। इसी वक्त एक आदमी ने पुलिस कांस्टेबल पर तलवार से हमला कर दिया। घायल पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती है। डुंगरपुर में भी प्रदर्शन हुए।

हत्यारे मुसलमानों  के दुश्मन : तौकीर
इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान ने घटना पर दुख जताया और कहा कि जिन लोगों ने भी इस्लाम के नाम पर इंसान की हत्या की वह मुसलमानों के दुश्मन हैं। राजस्थान में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को इस्तीफा दे देना चाहिए।

कायरतापूर्ण, इस्लाम विरोधी कार्य : बुखारी
दिल्ली जामा मस्जिद के शाही इमाम सैय्यद अहमद बुखारी ने हत्या को कायरतापूर्ण कार्रवाई और इस्लाम विरोधी कृत्य करार दिया। बुखारी ने एक बयान जारी करते हुए कहा, इस हृदय विदारक, जघन्य हत्या ने मानवता को हिला कर रख दिया। उन्होंने कहा, इस्लाम  शांति और सद्भाव का धर्म है।  

मदरसों में पढ़ाया जाता है ईशनिंदा पर सिर कलम करने का पाठ : आरिफ खान
तिरुवनंतपुरम। उदयपुर की घटना पर देश भर में फैले रोष के बीच केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बुधवार को मदरसों की तालीम पर सवाल उठाया। खान ने कहा, मदरसों में ईशनिंदा करने वालों का सिर कलम करने की बात सिखाई जाती है। उन्होंने कहा, मुस्लिम कानून कुरान से नहीं आया है। यह अलग-अलग समय में शासन करने वाले शासकों ने बनाया और इसीलिए इसमें सिर कलम करने का प्रावधान है।

ज्यादातर मदरसों में बच्चों को मुस्लिम कानून के नाम पर वही पढ़ाया जा रहा है जो अलग अलग शासकों ने लिखा है। अब जब बच्चों को चार-पांच साल की उम्र से ही ऐसी तालीम दी जाएगी तो  उसका यही परिणाम होगा। मदरसों में क्या पढ़ाया जाता है इसकी जांच होनी चाहिए। समस्या का निदान जड़ से किया जाए।  राज्यपाल मोहम्मद आरिफ खान ने 14 साल की उम्र तक हर बच्चे को व्यापक-आधारित शिक्षा देने का आह्वान किया। 

कांग्रेस की कलह जिम्मेदार : ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने नृशंस हत्या की निंदा  करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस पर ‘मूकदर्शक’ बनी रही और कांग्रेस की आंतरिक प्रतिद्वन्द्विता के कारण कानून एवं व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हुई है।

चरमपंथ अस्वीकार्य : ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि हिंसा और चरमपंथ अस्वीकार्य है, चाहे कुछ भी हो। बनर्जी ने ट्वीट किया, उदयपुर में जो  हुआ उसकी मैं निंदा करती हूं।

कट्टरता बढ़ी : ओवैसी
एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, देश में कट्टरता बढ़ रही है। मैं घटना की कड़ी निंदा करता हूं। हमें उम्मीद है कि सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें