हीटवेव के खतरे को देखते हुए उदयपुर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर ने भीषण गर्मी के चलते 29 अप्रैल से 15 मई तक स्कूलों में नया समय लागू करने का आदेश जारी किया है। जिले के सभी राजकीय, गैर-राजकीय एवं सीबीएसई से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं अब सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक संचालित की जाएंगी।
9वीं से 12वीं के समय में नहीं बदलाव
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है और उनकी पढ़ाई पूर्व निर्धारित समयानुसार ही जारी रहेगी। विद्यालय स्टाफ को भी अपने नियमित समय पर ही उपस्थित रहना होगा।
परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं
जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा कार्यक्रम में किसी प्रकार का बदलाव नहीं होगा और परीक्षाएं पहले की तरह ही आयोजित की जाएंगी।
उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। भीषण गर्मी से बच्चों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन का यह कदम राहत देने वाला माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें:
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार को घेरा, अपराध बढ़ने का लगाया आरोप
इन जिलों में भी बदला समय
इतना ही नहीं बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों में भी बढ़ती हीटवेव और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए स्कूलों, मां-बाड़ी केंद्रों और आंगनवाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया है। बांसवाड़ा में जिला मजिस्ट्रेट डॉ. इंद्रजीत यादव के आदेशानुसार कक्षा 8वीं तक के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों और मां-बाड़ी केंद्रों का समय सुबह शुरू होने से 11:30 बजे तक तथा आंगनवाड़ी केंद्रों का समय 11 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि कक्षा 9 से 12 तक का समय यथावत रहेगा। वहीं डूंगरपुर में जिला कलेक्टर देशलदान ने 16 मई तक कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों, आंगनवाड़ी और मां-बाड़ी केंद्रों का समय सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक तय किया है, जबकि कक्षा 9 से 12, परीक्षाओं और स्टाफ का समय पूर्ववत रहेगा; साथ ही दोनों जिलों में आदेश की अवहेलना पर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।