कुछ महीने पहले आदिवासियों का डीएनए टेस्ट कराने की बात कहकर विवादों में आए राजस्थान के शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने रविवार को उदयपुर में पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि अकबर की तुलना महाराणा प्रताप से करना और अकबर को महान बताना मेवाड़ की आन-बान-शान के प्रतीक महाराणा प्रताप का अपमान है।
उन्होंने उदयपुर सुखाड़िया विश्वविद्यालय में आयोजित भामाशाह सम्मान समारोह में कहा कि अब कभी भी अकबर को महान बताकर स्कूलों में नहीं पढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षों तक अकबर ने देश को लूटने का काम किया है। अकबर को महान बताने वाले अब आगे नहीं आ पाएंगे। दिलावर ने कहा कि महाराणा प्रताप ने मेवाड़ की आन-बान और शान के लिए सर्वोच्च न्योछावर कर दिया, लेकिन कभी भी महाराणा प्रताप को महान नहीं बताया, यह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा देना सबसे बड़ा धर्म है। सभी भामाशाह देवतुल्य हैं।