पिछले दिनों शहर के प्रतापनगर क्षेत्र के एक निजी स्कूल में हुई चाकूबाजी के मामले में स्कूल प्रशासन ने पांच छात्रों को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद में धक्का-मुक्की होने के बाद एक छात्र चाकू लेकर आया और दूसरे के हाथ में मार दिया। पुलिस ने मामले में 4 लोगों को डिटेन किया है।
बताया जा रहा है कि स्कूल के दो छात्रों के बीच गुरुवार को किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद बात धक्का-मुक्की में बदल गई। इसी बीच एक छात्र चाकू लेकर गया और मौका देखकर दूसरे छात्र को चाकू मार दिया, जिससे छात्र घायल हो गया। घायल छात्र को तत्काल हॉस्पिटल ले जाया गया।
सूचना पर प्रतापनगर थानाधिकारी भरत योगी स्कूल पहुंचे। घटना की जानकारी लेकर आरोपी छात्र सहित 4 छात्रों को डिटेन किया गया है। छात्र के समाज के लोग प्रतापनगर पुलिस थाने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस सख्त कार्रवाई करे। अब स्कूलों में भी निगरानी बढ़ानी होगी। गौरतलब है कि उदयपुर ऐसी ही एक घटना को पहले ही झेल चुका है।
प्रतापनगर थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चाकूबाजी की घटना में घायल छात्र को इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। वहीं इस मामले में चार छात्रों को डिटेन किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।