उदयपुर शहर के सबसे व्यस्त चौराहे देहलीगेट के उत्तरी छोर पर बने रास्ते को करीब 40 साल बाद चौड़ा किया गया। यह रास्ता बोटलनेक होने से यहां आने—जाने वाले लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती थी।
दरअसल, बीती रात दस बजे नगर विकास प्रन्यास का दस्ता देहलीगेट पर पहुंचा। प्रन्यास सचिव रामनिवास मेहता के नेतृत्व में दस्ते ने यहां बोटलनेक पर बनी भारतीय जीवन बीमा निगम की जमीन के कुछ हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की, जो रात करीब 12 बजे तक चली। अब इस चौराहे पर करीब चालीस साल बाद यातायात दबाव कम होगा और राहगीरों को राहत मिलेगी। इसका सबसे ज्यादा फायदा कलक्ट्रेट की तरफ से टाउनहॉल व बापू बाजार आने—जाने वालों को होगा। गौरतलब है कि इस बोटलनेक को हटाने के लिए सालों से अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों की कोशिशें जारी थीं, जो आखिरकार कामयाब हो गई।