उदयपुर में एक और उद्योग घराने का शाही आयोजन होने जा रहा है। इस बार अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी के बेटे जीत अडाणी प्री वेडिंग सेरेमनी 10 से 11 दिसंबर तक उदयपुर में होगी। अडाणी परिवार की इस प्री-वेडिंग में देश के कई बड़े उद्योग घराने के सदस्यों और राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार जीत अडाणी की सेरेमनी आने वाले मेहमानों के लिए उदयपुर के तीन फाइव स्टार होटल बुक किए गए हैं। पिछोला झील के बीच बने ताज लेक पैलेस, इसी झील किनारे स्थित लीला पैलेस और होटल उदयविलास के सभी रूम दो दिन के लिए बुक कराए गए हैं। हालांकि प्री-वेडिंग समारोह कौन से होटल में होगा अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है।
हीरा कारोबारी की बेटी से हुई थी सगाई
बता दें कि पिछले साल ही मार्च में जीत अडाणी की सगाई हीरा कारोबारी जैमिन शाह की बेटी दीवा शाह के साथ हुई थी। जीत अडाणी विदेश से पढ़ाई करने के बाद पिछले कुछ समय से अडाणी ग्रुप में वाइस चेयरमैन फाइनेंस का काम देख रहे हैं।
पूर्व में हो चुकी है ईशा अंबानी की प्री वेडिंग
उदयपुर में इससे पूर्व देश के बिजनेस टाइकून मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी की प्री वेडिंग भी हो चुकी है। अंबानी परिवार के इस आयोजन के दौरान भी उदयपुर के सभी स्टार होटल बुक कर लिए गए थे। इसमें देश-विदेश की कई हस्तियां शामिल हुई थीं।
उदयपुर में 2024 के यह चर्चित शाही आयोजन
2024 के साल उदयपुर में सबसे चर्चित शादी आमिर खान की बेटी आयरा खान की रही थीं। आमिर ने अपनी बेटी के लिए उदयपुर के ताज अरावली होटल को चुना था। उदयपुर के ताज अरावली होटल में सात दिन तक इसके वेडिंग फंक्शन चले। इसके बाद 29 से 31 जनवरी के बीच बॉलीवुड एक्टर सनी देओल की भांजी निकिता चौधरी की शादी भी यहीं हुई। पिछले साल आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा की शादी भी उदयपुर में हुई थी।
पीवी सिंधु की शादी भी उदयपुर में होगी
देश के लिए ओलंपिक जीतने वाली टेनिस खिलाड़ी पीवी सिंधु की भी उदयपुर में ही शादी होगी। पिछले दिनों इस बात का खुलासा हुआ था। वीपी सिंधू की शादी 22 दिसंबर को होगी।