Udaipur: 1111 मीटर की भव्य पाग को मंशापूर्ण हनुमानजी को विधिवत धारण करवाया गया। शाम को महाआरती से पूर्व 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद राष्ट्रीय हेमराज व्यायामशाला में महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तों को प्रसाद वितरण होगा।
उदयपुर में हनुमान जन्मोत्सव पर बदनोर की हवेली स्थित श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। सुबह प्रभु हनुमान का दुग्धाभिषेक, पंचामृत अभिषेक एवं रुद्राभिषेक कर उन्हें अलौकिक श्रृंगार अर्पित किया गया। इसके पश्चात कलश यात्रा व 1111 मीटर की विशाल पाग यात्रा निकाली गई।
विज्ञापन
स्वर्ण रथ पर विराजमान हनुमान रूपी बालक ने सारथी की भूमिका निभाई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यह शोभायात्रा मंदिर परिसर पहुंची। जगह-जगह पुष्पवर्षा के साथ श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान अखाड़ा दलों प्रदर्शन भी किये गए।
जैसे ही शोभायात्रा मंदिर परिसर लौटी तो पूरा प्रांगण “प्रभु राम की जय हो” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। 1111 मीटर की भव्य पाग को मंशापूर्ण हनुमानजी को विधिवत धारण करवाया गया। शाम को महाआरती से पूर्व 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद राष्ट्रीय हेमराज व्यायामशाला में महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तों को प्रसाद वितरण होगा। विशेष आकर्षण के रूप में महाआरती में श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। आयोजन को लेकर नगर में उत्सव का माहौल रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।