बैंकों के ड्राप बॉक्स में अब चेक भी सेफ नहीं
राजस्थान के उदयपुर जिले में एक बाप ने बेटे की चेक चुरा लिए। इसके बाद बाप ने इन चेकों के आधार पर लाखों रूपए उधार ले लिए। चेक बाउंस हुए तो बेटे को बाप की इस करतूत का पता चला। बेटे ने बाप के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार सुमित शुक्ला ने प्रताप नगर थाने में दर्ज प्रकरण में आरोप लगाया है कि उत्तरी सुंदरवास में रहने वाले उसके पिता दशरथ शुक्ला अवांछित गतिविधियों में लिप्त रहते हैं। इसके कारण वह अपने मामा के साथ रहता है। पिछले दिनों उसके पिता उसकी दुकान पर आए और चेक बुक से एक चेक चुराकर ले गए।
उन्होंने उसी के नाम से 100 रुपए का स्टाम्प भी खरीदा। चेक और स्टाम्प को पिता ने यतींद्र दाधीच के पास गिरवी रखकर करीब 6 लाख रुपए उधार ले लिए। इसके कुछ दिन बाद सुमित के पास कोर्ट से चेक अनादरित होने का सम्मन आया तो उसे इसकी जानकारी मिली। इसके बाद उसने पुलिस थाने में पिता के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। अब पुलिस इसकी जांच कर रही है।