पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्लानिंग के साथ ब्लास्ट किया गया है। ब्लास्ट के लिए जिस डेटोनेटर का इस्तेमाल किया गया है, वो सुपर 90 श्रेणी का है। मौके से बम स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं।
बता दें कि उदयपुर-अहमदाबाद रेलवे ट्रैक पहले मीटर गेज यानी छोटी लाइन थी। इसे हटाकर ब्रॉड गेज में तब्दील किया गया। 31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद के असारवा स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इस रेलवे लाइन का लोकार्पण किया था। अपने बांसवाड़ा के मानगढ़ दौरे पर भी प्रधानमंत्री मोदी ने इस रेलवे लाइन को लेकर जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि यह लाइन इस इलाके में औद्योगिक विकास को गति देगी। इसके साथ ही उदयपुर और इसके आसपास के जिलों के लोगों के लिए गुजरात आने-जाने में आसानी होगी।
जांच पूरी होते ही तीन घंटे के अंदर ठीक किया जाएगा ट्रैक-रेल मंत्री
उदयपुर में रेलवे ट्रैक को उड़ाने को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्ण ने कहा कि इस तरह का काम करने वाले सभी लोगों को पकड़कर सजा दी जाएगी। एटीएस, रेलवे और NIA की टीमें जांच कर रही हैं। जैसे ही जांच पूरी होगी, रेलवे ट्रैक को तीन घंटे के अंदर ठीक कर दिया जाएगा। यात्रियों को कोई समस्या नहीं होगी।