उदयपुर शहर में शुक्रवार को दिनभर शांतिपूर्ण मतदान के बाद शाम को अंबामाता थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई। खारोल कॉलोनी में एक युवक ने प्रेमिका और उसके परिवार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान बीच-बचाव करने आई प्रेमिका की मां और भाई पर भी आरोपी ने चाकू से वार किए। इसके बाद आरोपी ने खुद के गले और हाथ की नस पर भी चाकू चला लिया। घटना में चार लोग घायल हुए हैं। आरोपी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कुछ दिनों से फोन नहीं उठा रही थी प्रेमिका
उदयपुर के अंबामाता थानाधिकारी हुकम सिंह के अनुसार खारोल कॉलोनी निवासी तुलसी मेघवाल ने अपने पति को छोड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि उसका राजसमंद के डवुन सलोदा निवासी दिनेश सिंह के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच मोबाइल फोन पर लगातार बातचीत होती थी।
पुलिस के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से तुलसी ने दिनेश के फोन कॉल उठाना बंद कर दिया था। इससे दिनेश नाराज था। शुक्रवार रात वह राजसमंद से उदयपुर पहुंचा और खारोल कॉलोनी स्थित तुलसी के कमरे पर पहुंच गया।
घर पहुंचते ही प्रेमिका पर चाकू से हमला
उस समय तुलसी के साथ उसकी मां पुष्पा और भाई चंपालाल भी मौजूद थे। आरोप है कि दिनेश ने वहां पहुंचते ही तुलसी पर चाकू से हमला कर दिया। गर्दन और गले पर चाकू लगने से तुलसी गंभीर रूप से घायल हो गई।
तुलसी पर हमला होते देखकर उसकी मां पुष्पा और भाई चंपालाल बीच-बचाव के लिए पहुंचे। आरोप है कि दिनेश ने उन दोनों पर भी चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद तीनों की चीख-पुकार से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
लोगों को आता देख खुद पर किया हमला
लोगों को मौके पर आता देखकर दिनेश ने कथित तौर पर खुद के गले पर भी चाकू चला लिया। इसके बाद वह वहां से कुछ दूरी तक चला, लेकिन कुछ कदम आगे जाकर सड़क पर गिर गया।
घटना की सूचना मिलने पर अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को उपचार के लिए एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया। तुलसी और दिनेश का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार दिनेश की हालत गंभीर है।
प्रेमिका और आरोपी दोनों गंभीर रूप से घायल
तुलसी के बाएं हाथ की अंगुलियों, सिर, गाल, गर्दन, गले और कलाई पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं हमले के बाद दिनेश ने अपने गले और हाथ की नस काट ली। निढाल होकर गिरने से उसके सिर और चेहरे पर भी चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार तुलसी की मां पुष्पा और भाई चंपालाल को अपेक्षाकृत कम चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस घटना के कारणों, हमले की परिस्थितियों और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को लेकर जांच कर रही है।