रोहिड़ा पुलिस द्वारा एक माह पूर्व होटल मालिक से धारदार हथियार से मारपीट कर लूट के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार दुर्गम पहाड़ियों में छिपकर रह रहा था। उससे पूछताछ कर और जानकारी जुटाने के साथ ही अन्य आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
दुर्गम पहाड़ियों में छिपकर घूम रहा था आरोपी
रोहिड़ा थानाधिकारी ओमकरण की अगुवाई में टीम ने कार्रवाई करते हुए सिल्वाफली, वालोरिया, पुलिस थाना रोहिड़ा, जिला सिरोही, राजस्थान निवासी मोवाराम पुत्र रताराम गमेती भील को दुर्गम पहाड़ियों से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने 1 माह पूर्व होटल मालिक के साथ धारदार हथियार से मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। इस मामले में वांछित अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
आरोपी करीब एक माह से दुर्गम पहाड़ियों में छिपकर घूम रहा था, जिसे टीम ने कम्युनिकेशन के जरिए दस्तयाब किया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में लूट के 2 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह आदतन आपराधिक प्रवृत्ति का है।
एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर की थी वारदात
पुलिस के अनुसार आरोपी ने गत 6 अगस्त 2026 की शाम विक्रम चौधरी वाटेरा के साथ मिलकर बिना नंबर की कैंपर से भीमाना हाईवे स्थित होटल पर वारदात की थी। आरोप है कि दोनों ने होटल मालिक के साथ धारदार हथियार से मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया। इसके साथ ही होटल मालिक के कांच के दरवाजे का कांच फोड़ दिया और उसकी बोलेरो के कांच को भी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद कैंपर से टक्कर मारकर दोनों वहां से फरार हो गए।
प्रार्थी की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर जांच शुरू की गई थी। टीम ने भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात का खुलासा किया। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।