पुलिस को देखकर भागने की कोशिश पड़ी भारी
- फोटो : अमर उजाला
उदयपुर जिले की खेरोदा थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर नाकाबंदी के दौरान एक बाइक सवार तस्कर को 1.520 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस टीम को देखकर बाइक को गलत दिशा में मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान भींडर क्षेत्र के भीखावानिया फला निवासी लोगरलाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेरोदा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने भटेवर स्थित वासुदेव होटल के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर नाकाबंदी की थी।
पढ़ें: जोधपुर जेल की बैरक में कैसे पहुंचा मोबाइल?: हिस्ट्रीशीटरों की पूड़ी पार्टी का वीडियो वायरल, देखें वीडियो
चेकिंग के दौरान मंगलवाड़ की तरफ से एक मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह पुलिस को देखते ही बाइक को उल्टी दिशा में मोड़कर नवानिया पुलिया की तरफ तेजी से भागने लगा। इस पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
बैग की तलाशी में मिला गांजा
पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल पर टंगे बैग की गहनता से तलाशी ली। बैग के अंदर एक थैली में 1.520 किलोग्राम अवैध गांजा मिला। पुलिस ने गांजा और बाइक जब्त कर आरोपी लोगरलाल को गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने खेरोदा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच भींडर थानाधिकारी मुकेशचंद्र को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह गांजा कहां से लेकर आया था और इसे कहां सप्लाई करने जा रहा था।