राजस्थान के बारां जिले के पलसावा गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे की कारों में तोड़फोड़ कर दी। एक पक्ष की आल्टो कार के शीशे टूट गए, वहीं दूसरे पक्ष के सरपंच पति मनोज मीणा की बोलेरो कार के भी शीशे तोड़ दिए। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने अंता थाने में परिवाद दर्ज कराया है।
दरअसल, सरपंच पति मनोज मीणा को दूसरे पक्ष ने गांव के तालाब पर करवाए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर भला बुरा कहा। इसके बाद बात कहासुनी में बदल और फिर विवाद हो गया।
तनातनी में सरपंच पति मनोज मीणा और उसके साथियों ने दूसरे पक्ष की ऑल्टो कार के शीशे फोड़ दिए। ये देखा कर दूसरे पक्ष ने भी सरपंच पति मनोज मीणा की बोलेरो के सभी शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे से मारपीट भी करने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने समझाइश करते हुए मामला शांत कराया। जिसके बाद दोनों पक्ष अंता थाने पहुंचे और एक दूसरे के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।