जयपुर में चार युवकों ने दो दोस्तों की हत्या कर दी। विवाद झूला झूलने के पैसे मांगने पर शुरू हुआ। जिसके बाद युवकों ने पैसे मांगने वाले युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इसी बीच उसे बचाने आए दोस्त की भी जान ले ली।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार घटना गलतागेट थाना क्षेत्र के लांबा पार्क की है। ईद के मौके पर पार्क में झूले लगाए गए थे। बुधवार शाम को अयान नाम का एक किशोर झूला झूल रहा था। इस दौरान झूला चलाने वाले युवक आमिर ने उससे रुपए मांगे। जब अयान ने रुपए नहीं दिए तो झूला चलाने वाले ने उसे झूले से धक्का दे दिया। जिसके बाद गुस्साया अयान वहां से अपने मोहल्ले में गया और चार युवकों को लेकर लौटा। युवकों के पास चाकू थे। उन्होंने आमिर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिया। हमले के दौरान आमिर का दोस्त उसे बचाने के लिए आया तो युवकों ने उसपर भी हमला बोल दिया। दोनों युवकों के जांघ, पेट और पीठ पर कई वार कर आरोपी वहां से फरार हो गए।
पार्क में मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को गंभीर हालत में एसएमएम अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।