मौके पर मामले की छानबीन करने पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के धौलपुर के कंचनपुर थाना क्षेत्र के गांव पवेसुरा में रविवार शाम को 20 साल की विवाहिता ने गृह क्लेश से परेशान होकर कमरे में दुपट्टे से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। फिर शव को कब्जे में लेकर बाड़ी सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पीहर पक्ष को बुलाकर पुलिस ने उनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया है।
कंचनपुर थाना प्रभारी योगेंद्र शर्मा ने बताया थाना इलाके के पवेसुरा गांव निवासी लोकेंद्र की शादी एक वर्ष पूर्व आगरा जिले के खेरागढ़ थाना क्षेत्र के भिलावली गांव निवासी शिवानी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी में पारिवारिक कलह चली आ रही थी। गृह क्लेश को लेकर दोनों पक्षों से समाज के पंच पटेलों ने समझाने का भी प्रयास किया था। लेकिन रविवार शाम को पारिवारिक कलह की वजह से शिवानी ने कमरे में दुपट्टे से फांसी का फंदा लगा लिया। परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी हुई तो होश उड़ गए।
पुलिस ने बताया कि उसके बाद फांसी के फंदे से उतार कर शिवानी को परिजन जिला अस्पताल ले गए। लेकिन विवाहिता ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। फिर जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर विवाहिता को मृत घोषित कर दिया। शिवानी की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मौका मुआयना किया। विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर बाड़ी सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि उसके बाद घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दी गई। उधर, बेटी की मौत की खबर सुनकर मायके पक्ष के लोगों के होश उड़ गए। घटना से परिजनों में मातम पसर गया। पुलिस ने सोमवार को परिजनों की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड और मजिस्ट्रेट के समक्ष पोस्टमार्टम कराया है। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी योगेंद्र शर्मा ने बताया कि नामजद पति लोकेंद्र समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवाहिता की शादी को एक वर्ष हुआ है, ऐसे में जांच सीओ बाबूलाल मीणा द्वारा की जा रही है।