राजस्थान के अजमेर में तीन पुलिसवालों द्वारा एक ट्रांसजेंडर (किन्नर) के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पुलिस अफसर और दो कांस्टेबलों ने दरगाह पुलिस स्टेशन में ट्रांसजेंडर को ओरल सेक्स के लिए भी मजबूर किया और इसकी वीडियो क्लिप भी बना ली।
मामला पांच जून का है जब पीड़ित को गिरफ्तार कर हवालात में डाल दिया गया। उस पर एक पुलिसवाले के साथ दरगाह एरिया में बदसुलूकी के आरोप लगाया गया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और सोमवार को उसे जमानत मिली।
मेडिकल में रेप की पुष्टि
जेल से निकलने के बाद उसने शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की लेकिन उसे भगा दिया गया। इसके बाद उसने मंगलवार को एएसपी शरद चौधरी से संपर्क किया तब जाकर उसकी शिकायत दर्ज की गई।
मामले की जांच आईपीएस गौरव यादव कर रहे हैं। दरगाह पुलिस ने आईपीसी की धारा 376बी/जी, 406, 323 और 511 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जेएलएन सरकारी हॉस्पिटल में पीड़ित का मेडिकल हुआ जिसमें रेप की पुष्टि हो गई है लेकिन बुधवार को दोबारा मेडिकल किया जाएगा।
एसपी को यकीन नहीं
अजमेर के एसपी महेंद्र चौधरी इस मामले की सच्चाई के बारे में आशंकित हैं। अंग्रेजी अखबार TOI के मुताबिक एसपी चौधरी ने कहा कि,"जब ट्रांसजेंडर को गिरफ्तार किया गया तब दो महिला कांस्टेबलों को पुलिस स्टेशन में तैनात किया गया था। दो महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में रेप का होना असंभव है।"
उन्होंने कहा कि,"मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आईपीएस अधिकारी को सौंपी गई है। 'पीड़ित' और इसका साथी दरगाह एरिया में शांति व्यवस्था में खलल डाल रहे थे, इसी मामले में उनको गिरफ्तार किया गया था। पुलिस स्टेशन में भी उन लोगों ने हाथापाई करने की कोशिश की।"
'मुझे इंसाफ चाहिए'
पीड़ित ट्रांसजेंडर मुंबई के पॉश एरिया का रहने वाला है। उसने कहा कि,"मुझे इंसाफ चाहिए और मैं तब तक इस जगह को छोड़ कर नहीं जाऊंगा जब तक कि दोषियों को सजा नहीं मिल जाती।"
उसने बताया कि,"पांच जून को जब मैं दरगाह बाजार पहुंचा तो कुछ पुलिसवालों और किन्नरों के बीच झड़प हो रही थी। उन्होंने मुझे भी सलाखों के पीछे डाल दिया। मैंने उनको बताया कि लड़ाई में मैं शामिल नहीं था लेकिन उन्होंने मेरी बात नहीं सुनी।"
पैसे तक चोरी कर लिए!
अंग्रेजी अखबार TOI को पीड़ित ने बताया कि देर रात सब इंस्पेक्टर लक्ष्मी नारायण, कांस्टेबल भवानी सिंह और एक अन्य पुलिसकर्मी उसे अलग बैरक में ले गए। उससे कहा गया कि उसके लिये अच्छे खाने का इंतजाम किया गया है। पीड़ित के मुताबिक," उन्होंने मुझे कपड़े उतारने और ओरल सेक्स के लिए मजबूर किया, इसके बाद उन्होंने रेप किया।"
उसने कहा कि,"पुलिस ने मेरे बैग से 40 हजार रुपये निकाल लिये। 500 रुपये के तीन नोट जो 786 सीरीज़ के थे वो भी निकाल लिए। उन्होंने मुझे धमकाया कि अगर मैंने उनकी बात नहीं मानी तो वो मुझे नारकोटिक्स केस में फंसा देंगे। मेरे साथ जो हुआ बाकी किन्नर भी उसके गवाह हैं।"