देवली-उनियारा क्षेत्र से जुड़े बहुचर्चित समरावता कांड में जमानत मिलने के बाद नरेश मीणा टोंक जिला कारागार से रिहा हो गए। शुक्रवार को राजस्थान हाईकोर्ट से जमानत आदेश मिलने के बाद सोमवार को उनके जमानत मुचलकों की कानूनी प्रक्रिया पूरी हुई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उन्हें रिहा कर दिया।
नरेश मीणा की रिहाई के दौरान टोंक जेल के बाहर उनके सैकड़ों समर्थक मौजूद थे, जो सुबह से ही भारी बारिश में भीगते हुए उनका इंतज़ार कर रहे थे। जैसे ही नरेश मीणा जेल से बाहर आए, ‘नरेश मीणा ज़िंदाबाद’ के नारों से माहौल गूंज उठा। समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। जेल से बाहर निकलते समय नरेश मीणा ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया, लेकिन उन्होंने किसी प्रकार की राजनीतिक या व्यक्तिगत प्रतिक्रिया नहीं दी। वे सीधे अपनी गाड़ी में सवार होकर समरावता के लिए रवाना हो गए।
गौरतलब है कि नरेश मीणा पिछले आठ महीनों से जेल में बंद थे। अब उनकी रिहाई से समर्थकों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। राजनीतिक हलकों में भी नरेश मीणा की जमानत की चर्चा हो रही है।