राजस्थान के जोधपुर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बजरी से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से तीन बाइक सवारों की मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार ट्रेलर तीनों को करीब 15 फीट तक घसीटकर ले गया और फिर अनियंत्रित होकर पलट गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा सूरसागर के समीप कालीबेरी नंदलाव के पास हुआ। बजरी से भरा एक ओबर लोड ट्रेलर तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान पास में चल रही एक बाइक उसकी चपेट में आ गई। बजरी में दबने से बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद मौके पर जेसीबी को बुलाया गया। बजरी में दबे लोगों को बचाने के लिए हाथ से बजरी हटाई गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई। मृतकों के शवों को पीएम के लिए मोर्च्युरी में रखवाया दिया गया है, पुलिस उनकी पहचान का प्रयास कर रही है।