चित्तौड़गढ़ के पारसोली कस्बे से अलग-अलग जगहों से चोरी गए एक ट्रैक्टर और दो ट्रॉली चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पारसोली थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर और ट्रॉलियों को बरामद कर लिया है।
पुलिस को गिरफ्तार तीनों आरोपियों से वाहन चोरी की और वारदात खुलने की संभावना है। चित्तौड़गढ़ जिले के एसपी राजन दुष्यंत ने बताया कि कस्बा पारसोली से आठ नवम्बर 2022 की रात प्राइमरी स्कूल के पीछे खड़ी ट्रॉली और अभी 20 अप्रैल 2023 की रात मकान के बाहर खड़े ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी होने की वारदात में एसएचओ पारसोली महेंद्र सिंह ने जाप्ते के साथ चोरी के घटनास्थलों की बीटीएस और कॉल डिटेल प्राप्त कर विश्लेषण किया। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी और घटनास्थल से लेकर रास्ते के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
पुलिस ने पारसोली निवासी सद्दाम हुसैन, राजकुमार मेवाडा, कमलेश मेवाडा की गतिविधियां संदिग्ध होने पर तीनों आरोपियों को नामजद किया। इनकी गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर रेड डाली गई, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया।
आरोपियों से एक ट्रैक्टर और दो ट्रॉली बरामद
पुलिस ने सब्जी से पूछताछ करते हुए आरोपियों से एक ट्रैक्टर और दो ट्रॉली बरामद कर ली हैं। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिनसे चोरी की दूसरी वारदातों के संबंध में पूछताछ और इन्वेस्टिगेशन जारी है। ट्रैक्टर और ट्रॉली चोरी करने के बाद आरोपी आगे कहां बेचते थे। इस गैंग में और कौन-कौन चोर शामिल हैं। गिरोह का सरगना कौन है। अन्य कौन-कौन सी वारदात की गई हैं। तमाम सवालों के जवाब पुलिस पकड़े गए आरोपियों से उगलवाने में जुटी है।