हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई पिकअप।
- फोटो : अमर उजाला
दौसा जिले में रविवार को दो अलग-अलग हादसों में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सैंथल थाना क्षेत्र के मनोहरपुर हाइवे पर हुए दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, बांदीकुई थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सैंथल सहायक उपनिरीक्षक कमल कुमार ने बताया कि शनिवार देर रात 11:30 बजे के करीब मनोहरपुर से दौसा की तरफ आ रहे बोरवेल मशीन ट्रक और पिकअप में आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप के चालक और परिचालक की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि पिकअप में फंसे शवों को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।
हादसे में कोटपूतली निवासी सुरेंद्र और अलवर निवासी शंभु की मौत हुई। पुलिस ने शवों का पीएम कराकर परजिनों को सौंप दिया, वहीं वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरा हादसा जिले के बांदीकुई थाना क्षेत्र के दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुआ। बांदीकुई पुलिस ने बताया कि एक्सप्रेस वे पर अल सुबह बस से उतरने समय वृद्ध महिला अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में घायल हुई महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दहड़ा की ढाणी के पास हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।